Durgapur में पुलिस के सामने TMC ट्रेड यूनियन के नेताओं की सरेआम पिटाई

दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर के कांकसा थाना क्षेत्र के गोपालपुर इलाके में तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन (INTTUC) के कार्यालय से भारी मात्रा में सरकारी त्रिपाल और मछली का दाना बरामद होने के बाद स्थिति बेहद विस्फोटक हो गई है। इस घटनाक्रम से गुस्साए स्थानीय लोगों और भाजपा समर्थकों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी तृणमूल नेताओं की जमकर पिटाई कर दी। उत्तेजित भीड़ ने इलाके के प्रभावशाली तृणमूल श्रमिक संगठन के सदस्य शिवदास मंडल और मानस दत्त के घरों पर धावा बोल दिया। वहां जोरदार विरोध प्रदर्शन करने के साथ ही आक्रोशित जनता ने दोनों नेताओं पर अंडे बरसाने शुरू कर दिए और उन्हें बीच सड़क पर खींचकर लात-घूसों से सरेआम पीटना शुरू कर दिया।


हैरानी की बात यह रही कि यह पूरी घटना मौके पर मौजूद पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवानों के सामने हुई। सुरक्षा बल के जवान इन दोनों नेताओं को उग्र भीड़ के चंगुल से बचाने की लाख कोशिशें करते रहे, लेकिन जनता का गुस्सा इस कदर था कि वे जवानों के घेरे को तोड़कर दोनों नेताओं को बीच सड़क पर पीटते रहे। बाद में कांकसा थाने की पुलिस ने किसी तरह दोनों को भीड़ से छुड़ाया और सुरक्षित स्थान पर ले गई।


इससे पहले, बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जब इस कार्यालय का ताला खोला, तो अंदर मुख्यमंत्री के 'विश्व बांग्ला' लोगो वाले 250 सरकारी त्रिपाल, ब्लीचिंग पाउडर और बोरियों में बंद सरकारी मछली का दाना बरामद हुआ। आम जनता के लिए आई इस राहत सामग्री को पार्टी दफ्तर में छिपाकर रखने की खबर से पूरा इलाका सुलग उठा। भाजपा नेता संग्राम मुखोपाध्याय ने आरोप लगाया कि सरकारी संपत्ति की इस लूट में स्थानीय पंचायत प्रधान और उप-प्रधान भी शामिल हैं। फिलहाल इलाके में भारी तनाव है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments