Durgapur में ADDA का एक्शन, INTTUC, CITU और INTUC के ऑफिस पर चला बुलडोजर

दुर्गापुर :- दुर्गापुर के न्यू टाउनशिप थाना क्षेत्र स्थित निजी कारखाने के मुख्य गेट के सामने मौजूद सभी प्रमुख श्रमिक संगठनों के कार्यालयों को बुलडोजर से ढहा दिया गया। मंगलवार की सुबह बारिश के बीच प्रशासन की यह सख्त कार्रवाई देखने को मिली, जिसमें तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन आईएनटीटीयूसी (INTTUC), वामपंथी संगठन सीटू (CITU) और कांग्रेस समर्थित इंटक (INTUC) के कार्यालयों के साथ-साथ एक सिंडिकेट कार्यालय को भी जमींदोज कर दिया गया।

इस अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर न्यू टाउनशिप थाने की विशाल पुलिस बल और केंद्रीय बल के जवानों को तैनात किया गया था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इसके साथ ही संलग्न सड़क पर स्थित तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय के रूप में पहचाने जाने वाले 'शुभ शक्ति क्लब' को भी तोड़े जाने की योजना है।


कार्यालयों को तोड़े जाने के दौरान किसी भी ट्रेड यूनियन के समर्थकों ने मौके पर कोई  बाधा उत्पन्न नहीं की, लेकिन श्रमिक संगठनों की ओर से इस घटना का कड़ा और तीव्र विरोध दर्ज कराया गया है। इस पूरे मामले पर आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (ADDA) के अधिकारियों ने मीडिया के सामने कोई भी टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया है।


वहीं, सीटू और कांग्रेस से जुड़े श्रमिक संगठनों ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि उनके कई दशक पुराने कार्यालयों को नहीं तोड़ने के लिए उन्होंने पहले ही एडीडीए से अनुरोध किया था। उनका दावा है कि नवान्न के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। संगठनों का कहना है कि ये कार्यालय वर्षों से श्रमिकों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में कार्य कर रहे थे।

Post a Comment

0 Comments