आसनसोल में 'कालीघाट TMC' की बड़ी बैठक, MP कल्याण बनर्जी ने नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती को बताया 'गद्दार' !

आसनसोल :- विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी रही तृणमूल कांग्रेस (TMC) स्पष्ट रूप से दो धड़ों में बंट चुकी है। एक गुट पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाला 'कालीघाट तृणमूल कांग्रेस' है, जबकि दूसरा गुट विपक्ष के नेता रितव्रत बनर्जी का है। इस बड़े राजनीतिक विभाजन और चुनावी शिकस्त के बाद शनिवार को आसनसोल में पहली बार 'कालीघाट तृणमूल कांग्रेस' की एक अत्यंत महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक आयोजित की गई।

इस उच्च स्तरीय बैठक में पार्टी के कई दिग्गज चेहरे एक साथ नजर आए। बैठक में राज्य के पूर्व मंत्री मलय घटक, बर्धमान-दुर्गापुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद कीर्ति आजाद, श्रीरामपुर के सांसद कल्याण बनर्जी, पूर्व विधायक तापस बनर्जी, पूर्व विधायक हरेराम सिंह, वी. शिवदासन दासु और रूपेश यादव समेत भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य चुनाव के बाद कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना और भविष्य की रणनीति तैयार करना था।



हालांकि, इस महत्वपूर्ण बैठक से पश्चिम बर्धमान जिला तृणमूल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती नदारद रहे। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने कालीघाट तृणमूल कांग्रेस से पूरी तरह दूरी बनाते हुए जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था और वह विपक्ष के नेता रितव्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट में शामिल हो गए थे।

बैठक के दौरान सांसद कल्याण बनर्जी ने नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती के पाला बदलने को लेकर बेहद तीखा और तल्ख बयान दिया। मीडिया द्वारा चक्रवर्ती को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कल्याण बनर्जी ने दो टूक शब्दों में कहा, "कुछ गद्दार पार्टी छोड़कर चले गए हैं, इससे हमारी पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता।" कल्याण बनर्जी के इस तीखे बयान से साफ है कि आने वाले दिनों में तृणमूल के इन दोनों गुटों के बीच सियासी जंग और तेज होने वाली है।

Post a Comment

0 Comments