मालदा :- मालदा के तृणमूल नेता दुलाल सरकार हत्याकांड में पार्टी के ही टाउन अध्यक्ष और हिंदी सेल के जिला अध्यक्ष नरेंद्रनाथ तिवारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मंगलवार को पुलिस ने कई बार इस नेता से इंग्लिश बाजार थाना में पूछताछ की। थाने में नरेंद्रनाथ के दो भाई धीरेंद्रनाथ तिवारी और अखिलेश तिवारी को भी बुलाया गया था। इसके बाद पूर्व काउंसलर नरेंद्रनाथ को गिरफ्तार किया गया। एक अन्य नेता स्वपन शर्मा भी गिरफ्तार हुए हैं। इस प्रकार, मालदा के तृणमूल नेता की हत्या में गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। हालांकि, हत्या के कारण का खुलासा अब तक नहीं हो पाया है।
गत 2 जनवरी को मालदा के इंग्लिश बाजार शहर के झलझलिया के पास अपनी फैक्ट्री के पास तृणमूल काउंसलर दुलाल की हत्या कर दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि दुलाल अपनी जान बचाने के लिए फैक्ट्री में घुस गए थे, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। तीन बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। तृणमूल नेता की हत्या के पीछे राजनीतिक साजिश का आरोप उनकी पत्नी चैताली सरकार ने लगाया है। पति की हत्या के मामले में कई लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, लेकिन चैताली का कहना है कि दुलाल एक साजिश का शिकार हुए थे। घटना के बाद सोमवार रात घटना स्थल पर फोरेंसिक टीम पहुंची थी, जिन्होंने कुछ सैंपल इकट्ठा किए। फिर मंगलवार को इस मामले की जांच के सिलसिले में तृणमूल नेता नरेंद्रनाथ और उनके दो भाइयों से थाने में पूछताछ की गई, जिसके बाद नरेंद्रनाथ को गिरफ्तार किया गया। जानकारी मिली है कि इंग्लिश बाजार के 22 नंबर वार्ड के काउंसलर दुलाल और पूर्व काउंसलर नरेंद्रनाथ के बीच पुरानी दुश्मनी थी। 2022 में नगरपालिका चुनाव में दुलाल के गुट ने नरेंद्रनाथ के एक भाई को पीट दिया था। जांच अधिकारी हत्या के मामले में गुटबाजी के संबंध की जांच कर रहे हैं।

0 Comments