माॅर्निंग वाॅकर्स फैमिली द्वारा दीपावली मिलन समारोह का आयोजन, 3 बुजुर्गो को किया गया सम्मानित

रानीगंज:  शुक्रवार की शाम रानीगंज शहर स्थित स्पोर्ट्स असेंबली के प्रांगण में माॅर्निंग वाॅकर्स फैमिली द्वारा दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस मिलन समारोह में रानीगंज रोबिन सेन स्टेडियम में प्रातः भ्रमण के लिए आने वाले माॅर्निंग वाॅकर्स फैमिली के सभी सदस्य उपस्थित थे। खासकर दीपावली मिलन समारोह में महिलाओं की उपस्थित अच्छी रही। दीपावली मिलन समारोह में माॅर्निंग वाॅकर्स फैमिली के सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं मनमोहक गेम्स का भी आयोजन किया गया था। माॅर्निंग वाॅकर्स फैमिली के अध्यक्ष शरद भरतिया, कोषाध्यक्ष राम अवतार खण्डेलवाल, प्रवक्ता अजय गोयनका ने बताया कि पिछले दो दशक से माॅर्निंग वाॅकर्स अपने सदस्यों को लेकर दीपावली मिलन, होली मिलन एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करता आ रहा है। रानीगंज शहर के रोबिन सेन स्टेडियम में केवल प्रातः भ्रमण तक हमारे रिश्ते सीमित नहीं है, हमारा परिवार एक वृहत्तम परिवार की तरह है जो धीरे-धीरे एक विशाल रुप धारण करता जा रहा है। दीपावली मिलन को सामने रखकर प्रातः भ्रमणकारी हमारे सदस्य अन्य सदस्यों के परिवार से मिल सकते है। सुख-दुख बांटना ही जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। माॅर्निंग वाॅकर्स फैमिली के वरिष्ठ सदस्य पवन टंडन, डाॅ.आर.पी.अग्रवाल, उमेश डोकानिया, पवन केजरीवाल ने संयुक्त रुप से बताया कि प्रत्येक वर्ष दीपावली मिलन को सामने रखकर हम अपने परिवार के बीच मौजूद वयोवृद्ध व्यक्ति को सम्मानित करते है।

इस वर्ष हमारे माॅर्निंग वाॅकर्स फैमिली के सदस्य पुरुषोत्तम सराफ के पिता महावीर प्रसाद सराफ एवं पवन अग्रवाल के पिता रामचन्द्र अग्रवाल और डाॅ. राजेश गुप्ता के पिता एवं डाॅ. शुभम गुप्ता के दादाजी सरजू प्रसाद गुप्ता को सम्मानित किया गया। इतना ही नहीं इसदिन विशेष रुप से स्थानीय न्यूज चैनल पब्लिक टाइम्स ने भी महावीर प्रसाद सराफ, रामचन्द्र अग्रवाल और सरजू प्रसाद गुप्ता को उत्तरीय, मोमेंटो एवं उपहार देकर सम्मानित किया। महावीर प्रसाद सराफ को संजय बाजोरिया, विष्णु अग्रवाल ने मोमेंटो प्रदान किया। वहीं आर.पी.खेतान एवं शरद भरतिया ने उत्तरीय पहनाया तथा उमेश डोकानिया ने उपहार भेंट किया। वहीं रामचन्द्र अग्रवाल को राजेन्द्र भालोटिया एवं बबलू भालोटिया ने मोमेंटो प्रदान किया, जबकि रामचन्द्र अग्रवाल को उत्तरीय डाॅ.आर.पी.अग्रवाल एवं किशन जी खटाना ने पहनाया। वहीं माॅर्निंग वाॅकर्स के प्रवक्ता अजय गोयनका ने उपहार भेंट किया। 89 वर्षीय सरजू प्रसाद गुप्ता को संस्था के अध्यक्ष शरद भरतिया, पब्लिक टाइम्स के एडिटर-इन-चीफ बिनोद कुमार जायसवाल, पुरुषोत्तम सराफ, सुरेश जायसवाल समेत अन्य सदस्यों ने संयुक्त रूप से उत्तरीय, मोमेंटो एवं उपहार देकर सम्मानित किया।

 90 वर्षीय महावीर प्रसाद सराफ, 89 वर्षीय सरजू प्रसाद गुप्ता एवं 84 वर्षीय रामचन्द्र अग्रवाल ने अपनी पलको, अपनी मुस्कुराहटों एवं हल्की-हल्की मीठी जुबान से अपनी प्रसन्नता का इजहार किया। कहा कि आप लोगों के बीच उपस्थित होकर एक अद्भुत अनुभूति हुई है, जिसे बयां नहीं कर सकते। आनंद-उत्साह के बीच वयोवृद्धों का यह सम्मान निःसदेह यह लाइने कहने को विवश कर रहा है कि ‘हम हिन्दुस्तानी राह में पड़े पत्थर को भी तिलक लगाकर पूजते है, फिर यह तो हमारे आंगन के जीते-जागते देवता है।’  इसदिन राम अवतार जिंदल, अरुण राजपुरिया, पिंटू गुलाटी, सुरेश क्याल समेत माॅर्निंग वाॅकर्स फैमिली के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।      


 

Post a Comment

0 Comments