कोलकाता/रानीगंज :- आनंदलोक अस्पताल समूह के संस्थापक तथा कर्णधार देव कुमार सराफ का रविवार तड़के लगभग 4 बजे निधन हो गया। वह 85 वर्ष के थे। उन्होंने सॉल्टलेक स्थित आनंदलोक अस्पताल में अपनी अंतिम सांस ली। देव कुमार सराफ दुर्गापूजा उत्सव के समय से ही अस्वस्थ चल रहे थे। शुरुआत में उन्हें CMRI अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में थोड़ा सुधार होने के बाद उन्हें सॉल्टलेक स्थित उनके अपने अस्पताल आनंदलोक में स्थानांतरित किया गया, जहाँ वह पिछले कुछ दिनों से वेंटिलेशन पर थे। उनके निधन की खबर मिलते ही उनके प्रशंसकों, शुभचिंतकों और चिकित्सा समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई। उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए गणमान्य व्यक्तियों की एक बड़ी संख्या उपस्थित हुई। उनकी अंतिम यात्रा कोलकाता के सभी आनंदलोक अस्पतालों से होते हुए नीमतला श्मशान घाट पहुँची।
देव कुमार सराफ अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में उनकी पत्नी विमला देवी सराफ और दो बेटियां संयुक्ता झाझड़िया व रिंकी साहा शामिल हैं। आनंदलोक के संस्थापक देव कुमार सराफ ने समाज सेवा को अपने जीवन का ध्येय बना लिया था। वह सदैव निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा में समर्पित रहे। उनके द्वारा किए गए कार्य, गरीबों और जरूरतमंदों के लिए दिखाई गई करुणा और सेवा भाव सदैव समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।


0 Comments