कोलकाता :- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जलपाईगुड़ी के मालबाजार में एक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की कथित आत्महत्या की घटना पर गहरा दुख और सदमा व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर भारतीय चुनाव आयोग (ECI) को जिम्मेदार ठहराया है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को ट्वीट कर इस पूरी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लिखा है कि गहरा सदमा लगा और दुखी हूँ। आज फिर हमने जलपाईगुड़ी में एक बूथ लेवल ऑफिसर को खो दिया, जो एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं और उन्होंने चल रहे SIR (मतदाता सूची पुनरीक्षण) कार्य के असहनीय दबाव के कारण अपनी जान ले ली।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया शुरू होने के बाद से अब तक 28 लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने कहा, कुछ ने डर और अनिश्चितता के कारण, तो कुछ ने तनाव और अत्यधिक कार्यभार के कारण अपनी जान गँवाई है। उन्होंने इन मौतों के लिए सीधे तौर पर चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि इतने अनमोल जीवन तथाकथित भारतीय चुनाव आयोग द्वारा थोपे गए अनियोजित, अथक कार्यभार के कारण जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि जो प्रक्रिया पहले 3 साल लेती थी, उसे अब 'राजनीतिक आकाओं को खुश करने' के लिए चुनावों की पूर्व संध्या पर 2 महीने के भीतर पूरा करने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिससे BLOs पर 'अमानवीय दबाव' पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने ECI से तत्काल विवेक से काम लेने की अपील की है। उन्होंने अपने ट्वीट के अंत में माँग की है मैं ECI से आग्रह करती हूँ कि वह विवेक के साथ कार्य करे और इससे पहले कि और जानें जाएँ, इस अनियोजित अभियान को तुरंत रोक दे।

0 Comments