DSP के पूर्व चिकित्सक की कार में उपद्रवियों ने की तोड़फोड़, इलाके में दहशत

दुर्गापुर :- शहर के सिटी सेंटर इलाके स्थित सेल को-ऑपरेटिव की मातंगिनी हाजरा बीथी में गुरुवार देर रात अज्ञात बदमाशों के तांडव से हड़कंप मच गया। उपद्रवियों ने दुर्गापुर इस्पात कारखाने (डीएसपी) के पूर्व चिकित्सक समरजीत चौधरी की खड़ी कार को निशाना बनाते हुए उसमें जमकर तोड़फोड़ की। घटना का पता शुक्रवार सुबह उस वक्त चला जब डॉक्टर चौधरी सोकर उठे और उन्होंने देखा कि उनकी कार के शीशे टूटे हुए हैं और गाड़ी के अंदर रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज सड़क पर बिखरे पड़े हैं। इस घटना के बाद से पूर्व चिकित्सक और उनका परिवार गहरे सदमे और आतंक में है। उन्होंने तुरंत दुर्गापुर थाने की सिटी सेंटर चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। 


डॉ चौधरी ने पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी पर सवाल उठाते हुए चिंता जताई कि इलाके में पुलिस के सीसीटीवी कैमरे होने के बावजूद बदमाश इस तरह की वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना पाकर सिटी सेंटर फाड़ी की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और उपद्रवियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments