Asansol में गो-तस्करी के संदेह में दो युवक हिरासत में, जांच में जुटी पुलिस

आसनसोल :- आसनसोल के एचएलजी मोड़ से हाउसिंग कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार शाम कथित गो-तस्करी के आरोप में स्थानीय निवासियों ने दो युवकों को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक अपने साथ दो बछड़ों को लेकर जा रहे थे। उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर स्थानीय निवासियों को शक हुआ, जिसके बाद लोगों ने उन्हें रोककर पूछताछ शुरू कर दी और आगे जाने से मना करते हुए वहीं रोक रखा। घटना की खबर फैलते ही भाजपा के जिला नेता अभिजीत राय, प्रसनजीत मंडल, कार्तिक सहित कई कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने भाजपा नेताओं की मौजूदगी में दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया। हिरासत में लिए गए युवकों के नाम जावेद और कलाम बताए जा रहे हैं।


मामले की जानकारी मिलते ही आसनसोल नॉर्थ थाना और कन्यापुर पुलिस फाड़ी की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेने के साथ ही बछड़ों को भी अपने संरक्षण में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक गो-तस्करी के आरोपों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों युवकों से गहन पूछताछ और मामले की पूरी तफ्तीश के बाद ही वास्तविक सच्चाई सामने आ सकेगी।

Post a Comment

0 Comments