आसनसोल :- मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की महत्वाकांक्षी 'युवसाथी' योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया रविवार से शुरू हो गई। शिवरात्रि की छुट्टी के बावजूद, राज्य भर में विशेष शिविर लगाए गए, जहाँ सुबह से ही युवाओं की लंबी कतारें देखी गईं। आसनसोल के रवींद्र भवन में आयोजित शिविर का उद्घाटन राज्य के श्रम व कानून मंत्री मलय घटक और जिला मजिस्ट्रेट एस. पन्नाबलम ने किया। इस योजना के तहत 21 से 40 वर्ष के माध्यमिक पास बेरोजगारों को 5 साल तक 1,500 रुपये प्रति माह भत्ता मिलेगा। शिविरों में 'लक्ष्मी भंडार' के नए आवेदन भी लिए जा रहे हैं, जिसकी राशि बढ़ाकर अब सामान्य श्रेणी के लिए 1,500 और SC/ST के लिए 1,700 रुपये कर दी गई है। आवेदन की समय सीमा 26 फरवरी तक है और लाभ 1 अप्रैल से मिलना शुरू होगा। प्रशासन ने इसे 'दुआरे सरकार' मॉडल पर संचालित किया है ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
लक्ष्मी भंडार के लिए आवेदन करने हेतु आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक के पहले पृष्ठ की फोटोकॉपी और पासपोर्ट साइज फोटो जैसे दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। इसके अतिरिक्त, 'युवसाथी' योजना की घोषणा के बाद पहली बार इसके आवेदन लिए जा रहे हैं। इसके तहत बेरोजगार युवक-युवती आवेदन कर सकते हैं, जिनकी आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदक का माध्यमिक (10वीं) या उसके समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। यदि आवेदक को शिक्षा से संबंधित कोई अन्य स्कॉलरशिप मिल रही है, तब भी वे इस योजना के लिए पात्र होंगे। इसके तहत अधिकतम पाँच वर्षों के लिए 1,500 रुपये प्रति माह की सहायता मिलेगी। इसके लिए आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक के पहले पृष्ठ की फोटोकॉपी, एडमिट कार्ड की फोटोकॉपी और 2 पासपोर्ट साइज फोटो जमा करने होंगे।




0 Comments