कोलकाता/आसनसोल :- कोयला तस्करी मामले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो रसूखदार व्यवसायियों, चिन्मय मंडल और किरण खां को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को कोलकाता के साल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में लंबी पूछताछ के बाद, अधिकारियों ने जवाबों में विसंगति पाए जाने पर दोनों को हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें 'बिचार भवन' (अदालत) में पेश किया गया, जहां से न्यायाधीश ने उन्हें 18 फरवरी तक ED की हिरासत (रिमांड) में भेजने का निर्देश दिया।
अदालत में ED ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि इन दोनों आरोपियों के खिलाफ इस मामले में 150 करोड़ रुपये के अवैध वित्तीय लेन-देन के पुख्ता सबूत मिले हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, ये आरोपी एक संगठित सिंडिकेट चला रहे थे और व्यापारियों से 'गुंडा टैक्स' वसूलते थे। यह गिरोह मुख्य रूप से आसनसोल-दुर्गापुर कोयला क्षेत्र में सक्रिय था।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, चिन्मय मंडल (दुर्गापुर निवासी) और किरण खां (रानीगंज निवासी) रिश्ते में मामा-भांजे हैं। कोयलांचल में इनका खासा दबदबा है और इन्हें 'कोयला माफिया' के रूप में भी जाना जाता है। ED अब रिमांड के दौरान इनसे पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क की बड़ी कड़ियों और अन्य प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता का पता लगाने की कोशिश करेगी।

0 Comments