मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में हुमायूं कबीर ने शुरू किया बाबरी मस्जिद का कार्य, 2 साल में होगा निर्माण

मुर्शिदाबाद :- पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिला अंतर्गत बेलडांगा में बुधवार को बाबरी मस्जिद के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ हो गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में 1200 कंठों से एक साथ पवित्र कुरान का पाठ किया गया। निर्माण कार्य शुरू होने के मौके पर भरतपुर के विधायक और जनता विकास पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर खुद सुबह-सुबह कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहे। उन्होंने घोषणा की है कि मस्जिद के निर्माण का यह काम अगले दो वर्षों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इसी के साथ नदिया के पलाशी से एक 'बाबरी यात्रा' की भी शुरुआत की गई है, जो उत्तर बंगाल तक का सफर तय करेगी।

विदित हो कि हुमायूं कबीर ने पिछले साल 6 दिसंबर को इस मस्जिद के निर्माण की घोषणा की थी, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में काफी हलचल मच गई थी। उनके इस कड़े रुख के कारण तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें दल विरोधी गतिविधियों के आरोप में पार्टी से निलंबित कर दिया था, लेकिन कबीर अपने फैसले पर अडिग रहे और आज निर्माण कार्य शुरू करवाकर अपनी प्रतिबद्धता जाहिर कर दी।



निर्माण कार्य के उद्घाटन के दौरान हुमायूं कबीर काफी आक्रामक नजर आए। उन्होंने प्रशासन और विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके बेटी और दामाद के खिलाफ गहरी साजिश रची जा रही है और उनकी संपत्तियों को निशाना बनाया जा रहा है। कबीर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि वह इस अन्याय को चुपचाप सहन नहीं करेंगे और जल्द ही सभी सबूतों के साथ इसका जवाब देंगे। अपने परिवार के खिलाफ हो रही कार्रवाई के विरोध में उन्होंने 14 फरवरी को बहरामपुर में पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय के बड़े घेराव का आह्वान किया है। उन्होंने दावा किया है कि इस विरोध प्रदर्शन में एक लाख से अधिक लोग शामिल होकर अपनी ताकत दिखाएंगे।

Post a Comment

0 Comments