छोटे बटन वाले फोन से 3 करोड़ की बड़ी ठगी, 'डिजिटल अरेस्ट' का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

कोलकाता :- साइबर जालसाजों ने तकनीक का ऐसा मायाजाल बुना कि पुराने मॉडल के छोटे बटन वाले फोन का इस्तेमाल कर एक बुजुर्ग दंपत्ति से 3 करोड़ रुपये ठग लिए। लालबाजार साइबर क्राइम पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए गिरोह के सरगना मोहम्मद अमजद को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी न्यू मार्केट के मार्किस स्ट्रीट में व्यापार की आड़ में 'डिजिटल अरेस्ट' का रैकेट चला रहा था। जालसाजों ने बुजुर्ग दंपत्ति को इतना डरा दिया था कि उन्होंने खुद को घर में कैद कर लिया और उनके निर्देशानुसार मोबाइल व लैपटॉप का वीडियो चौबीसों घंटे चालू रखा। पुलिस ने अमजद के घर पर छापेमारी कर 17 मोबाइल बरामद किए, जिनमें से 15 छोटे बटन वाले फोन थे। इसके अलावा, वहां से सिमबॉक्स (32, 128 और 256 स्लॉट वाले), 9 राउटर, लैपटॉप और 2,250 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

Post a Comment

0 Comments