पुणे में पुरुलिया के श्रमिक की हत्या, पीड़ित परिवार से मिलकर Abhishek Banerjee ने न्याय का दिया भरोसा

 

पुरुलिया :- महाराष्ट्र के पुणे में पुरुलिया के प्रवासी श्रमिक सुखेन महतो की कथित तौर पर बांग्ला बोलने पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने के बाद राजनीति गरमा गई है। शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पुरुलिया के बांधडीह गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उनके प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।



सांसद अभिषेक बनर्जी ने परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन देते हुए कहा कि महाराष्ट्र पुलिस को दोषियों को अविलंब गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला, तो वे विधायकों और परिवार का एक प्रतिनिधिमंडल महाराष्ट्र भेजेंगे और आवश्यक कानूनी सहायता प्रदान करेंगे। सांसद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में बंगाल के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। अभिषेक ने घोषणा की कि वे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से अपील करेंगे कि सुखेन के भाइयों को वापस बुलाकर राज्य में ही सरकारी नौकरी की व्यवस्था की जाए ताकि उन्हें बाहर न जाना पड़े। उन्होंने स्थानीय भाजपा सांसद ज्योतिर्मय महतो को भी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री से बात करने की चुनौती दी।

Post a Comment

0 Comments