Asansol के शूटर अभिनव साव को CM से मिला सम्मान, डिप्टी मेयर ने घर जाकर सौंपा प्रशस्ति पत्र

आसनसोल :- शूटिंग चेम्पियनशिप में अपनी सटीक निशानेबाजी से देश और दुनिया में आसनसोल का मान बढ़ाने वाले युवा शूटर अभिनव साव को राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विशेष सम्मान से नवाजा है। अभिनव की उपलब्धियों और उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री की ओर से उनके लिए एक सम्मानजनक 'प्रशस्ति पत्र' भेजा गया। मंगलवार को आसनसोल नगर निगम के डिप्टी मेयर अभिजीत घटक ने व्यक्तिगत रूप से अभिनव के आवास पर जाकर उन्हें मुख्यमंत्री का यह संदेश और प्रशस्ति पत्र सौंपा।

इस अवसर पर डिप्टी मेयर अभिजीत घटक ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि अभिनव ने न केवल बंगाल, बल्कि पूरे विश्व पटल पर भारत और आसनसोल का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा, "यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मुख्यमंत्री द्वारा भेजा गया यह सम्मान मैं खुद अभिनव के हाथों में सौंप रहा हूँ। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हमेशा से राज्य की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करती रही हैं।" घटक ने यह भी आश्वासन दिया कि आसनसोल नगर निगम प्रशासन अभिनव के भविष्य के सफर और बेहतर प्रशिक्षण के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।

मुख्यमंत्री से मिले इस सम्मान पर खुशी जाहिर करते हुए अभिनव साव ने ममता बनर्जी और नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया। अभिनव ने कहा कि जब शासन और प्रशासन की ओर से इस तरह का प्रोत्साहन मिलता है, तो खिलाड़ी का मनोबल दोगुना हो जाता है। उन्होंने संकल्प लिया कि वह आने वाले समय में अपनी मेहनत और बेहतर प्रदर्शन के जरिए खेल जगत में और भी नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। इस दौरान अभिनव के परिवार के सदस्य और खेल प्रेमी भी उपस्थित थे, जिन्होंने इस सम्मान को समूचे शहर के लिए गौरवपूर्ण बताया।

Post a Comment

0 Comments