Asansol में 'आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान' को लेकर मेयर व DM की बैठक

आसनसोल :- राज्य सरकार की जनहितैषी परियोजनाओं को धरातल पर उतारने और विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से मंगलवार को आसनसोल नगर निगम में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य रूप से 'आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान' और 'अर्बन पथश्री' परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय और पश्चिम बर्द्धमान के जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) एस. पोन्नबलम सहित नगर निगम व जिला प्रशासन के तमाम आला अधिकारी उपस्थित थे।

मेयर बिधान उपाध्याय ने बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि 'आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान' परियोजना के तहत अब तक 1300 विकास कार्यों को शुरू किया जा चुका है। उन्होंने घोषणा की कि शेष 2300 कार्यों के लिए बहुत जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। मेयर ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का लक्ष्य आगामी 2 मार्च से पहले उन सभी कार्यों को शुरू करना है, जिनके लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यों की गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।


वहीं, जिला मजिस्ट्रेट एस. पोन्नबलम ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में सड़कों के बुनियादी ढांचे को सुधारने वाली 'अर्बन पथश्री' और स्थानीय समस्याओं के समाधान वाली 'आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान' परियोजना के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को दूर करना था। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन परियोजनाओं के लिए टेंडर लंबित हैं, उन्हें त्वरित गति से निपटाया जा रहा है ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इन सेवाओं का लाभ मिल सके। चुनाव से पहले बुनियादी ढांचे के इन कार्यों को पूरा करना प्रशासन के लिए प्राथमिकता बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments