आसनसोल :- आसनसोल के बर्नपुर स्थित सेल के ISP में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने की मांग को लेकर बुधवार को भारी विरोध प्रदर्शन देखा गया। आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 78 के तृणमूल कांग्रेस पार्षद अशोक रुद्र के नेतृत्व में भारती भवन से लेकर टनल गेट तक एक विशाल महारैली का आयोजन किया गया। इस महारैली में बड़ी संख्या में उन बेरोजगार युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया, जो इस्को (सेल-आईएसपी) में नौकरी पाने के इच्छुक हैं। रैली के बाद टनल गेट के समक्ष एक जनसभा आयोजित की गई और अंत में इस्को प्रबंधन को स्थानीय युवाओं की नियुक्ति की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया।
इस अवसर पर पार्षद अशोक रुद्र ने सेल प्रबंधन की नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सेल आईएसपी का निरंतर आधुनिकीकरण हो रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि यह केंद्रीय संस्थान स्थानीय शिक्षित युवाओं की अनदेखी कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन स्थानीय लोगों के बजाय बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों को प्राथमिकता दे रहा है। रुद्र ने स्पष्ट किया कि वह बाहरी लोगों के रोजगार के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन प्राथमिकता पहले उन स्थानीय युवाओं को मिलनी चाहिए जिन्होंने माध्यमिक से लेकर पीएचडी, बीबीए और एमबीए जैसी उच्च शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक स्थानीय युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार काम नहीं मिलता, उनका यह आंदोलन जारी रहेगा।
इसी दौरान अशोक रुद्र ने आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने विधायक पर 'दिखावे की राजनीति' करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह कोयला खदानों में तो घूम रही हैं, लेकिन उन्होंने कभी सेल आईएसपी प्रबंधन के साथ बैठकर स्थानीय युवाओं के रोजगार के लिए कोई ठोस बातचीत नहीं की। रुद्र ने कहा कि भाजपा के नेता केवल बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि स्थानीय युवाओं के भविष्य के लिए धरातल पर कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस इस मुद्दे को तब तक उठाएगी जब तक स्थानीय बेरोजगारों को उनका हक नहीं मिल जाता।



0 Comments