आसनसोल :- शहर की भयावह जाम समस्या के खिलाफ शनिवार को कांग्रेस और उसके विभिन्न सहयोगी संगठनों ने गिरजा मोड़ इलाके में सड़क जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस आंदोलन में छात्र परिषद, महिला कांग्रेस और सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आसनसोल को तत्काल जाम मुक्त करने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रसनजीत पुईतुंडी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आसनसोल में जाम की समस्या के असली जिम्मेदार सत्ताधारी दल के नेता ही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि TMC नेता फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले छोटे व्यापारियों से अवैध वसूली करते हैं, जिसके कारण अतिक्रमण बढ़ता है और सड़कें संकरी हो जाती हैं। ऑटो और टोटो विवाद पर उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में युवाओं को रोजगार देने में विफल रही सरकार अब उन्हें टोटो के विवादों में उलझाकर रख रही है।
पुईतुंडी ने स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन उन्हीं नेताओं के साथ बैठकर जाम की समस्या सुलझाने का नाटक कर रहे हैं, जिनकी वजह से शहर में अव्यवस्था फैली है। कांग्रेस ने मांग की है कि टोटो चालकों के लिए स्पष्ट रूट तय किए जाएं ताकि उनके रोजगार पर भी संकट न आए और शहर को जाम से भी मुक्ति मिले। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि आज उच्च माध्यमिक (HS) की परीक्षा न होने के कारण उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से सड़क जाम किया है ताकि प्रशासन की नींद टूटे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन और उग्र होगा।



0 Comments