दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल में बेरोजगारी के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरने के लिए भाजपा युवा मोर्चा ने एक अनूठा अभियान शुरू किया है। सोमवार को दुर्गापुर के व्यस्ततम बेनाचिति बाजार में 'पोस्टकार्ड और ड्रॉप बॉक्स' लेकर भाजपा नेता सड़कों पर उतरे। इस कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षित बेरोजगार युवाओं से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नाम पत्र लिखवाकर रोजगार की मांग की गई।
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से भाजपा सांसद सौमित्र खां, दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण चंद्र घोरुई और युवा मोर्चा के प्रदेश नेता पारिजात गांगुली शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने बेनाचिति के काइजर मोड़ इलाके में घूम-घूमकर युवाओं को पोस्टकार्ड बांटे और उनसे अपनी व्यथा मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आग्रह किया। भाजपा का आरोप है कि पिछले 15 वर्षों में राज्य के लाखों योग्य और शिक्षित युवा रोजगार के अवसरों से वंचित रहे हैं।
सांसद सौमित्र खां ने कहा कि राज्य में नौकरियों की भारी किल्लत है, जिसके कारण युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। युवा मोर्चा के नेताओं ने बताया कि अकेले दुर्गापुर क्षेत्र से लगभग एक लाख पोस्टकार्ड मुख्यमंत्री को भेजने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए ड्रॉप बॉक्स के जरिए विभिन्न इलाकों से पत्र एकत्र किए जा रहे हैं।



0 Comments