महाशिवरात्रि पर कुल्टी के बराकर फाड़ी में शांति बैठक आयोजित, डीजे पर रहेगा प्रतिबंध

कुल्टी :- महाशिवरात्रि को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कुल्टी थाना अंतर्गत बराकर पुलिस फाड़ी द्वारा शांति बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में क्षेत्र के उन सभी प्रमुख पूजा आयोजकों और समितियों को आमंत्रित किया गया था, जो महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़े कार्यक्रमों या शोभायात्राओं का आयोजन करते हैं।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए बराकर पुलिस फाड़ी के प्रभारी मेघनाथ मंडल ने उपस्थित आयोजकों को सरकारी दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उत्सव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी समितियों से अपील की कि वे तय नियमों के भीतर रहकर ही आयोजन करें ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सख्त निर्देश दिए हैं कि इस वर्ष भी डीजे (DJ) बजाने की अनुमति नहीं होगी। आयोजक केवल पारंपरिक वाद्य यंत्रों का ही प्रयोग कर सकेंगे। इसके साथ ही, पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे किसी भी गीत या संगीत का प्रयोग न किया जाए जिससे किसी समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हों।

प्रभारी मेघनाथ मंडल एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और युवा क्लबों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी। बैठक में मौजूद आयोजकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया है।

Post a Comment

0 Comments