'पुलवामा दिवस' पर पांडेश्वर में शहीद पार्क का गेट बंद होने पर भड़के जितेंद्र तिवारी

पांडेश्वर (राम बाबू यादव) :- 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए वीर जवानों के बलिदान को आज पूरा देश नमन कर रहा है। इस मौके पर पांडेश्वर के शीतलपुर इलाके में अजीबोगरीब स्थिति देखने को मिली, जब पांडेश्वर के पूर्व विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी अपने समर्थकों के साथ 'पुलवामा शहीद पार्क' में श्रद्धांजलि देने पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पार्क के मुख्य गेट पर ताला लटका हुआ था, जिसके कारण वे स्मारक तक नहीं पहुंच सके। गेट पर ताला लटके होने से तमाम लोग हैरान रह गए। इस कड़े रवैये पर जितेंद्र तिवारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और अंततः उन्हें गेट के बाहर ही वीर सपूतों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित कर वापस लौटना पड़ा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने 'पुलवामा के वीर शहीद अमर रहें' और शहीदों को न भूलें हैं न भूलेंगे के नारे लगाए। 


घटना के बाद मीडिया से बात करते हुए बीजेपी नेता जितेंद्र तिवारी ने कहा कि पांडेश्वर की जनता की इच्छा पर उन्होंने वर्ष 2020 में शीतलपुर में इस शहीद पार्क का निर्माण करवाया था ताकि आने वाली पीढ़ियां जवानों के शौर्य को याद रख सकें। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि शनिवार को जब पूरा देश शहीदों को याद कर रहा है, तब इस पार्क के गेट पर ताला लगा दिया गया ताकि वे श्रद्धांजलि न दे सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे वहां किसी भी तरह की अशांति फैलाने नहीं बल्कि केवल श्रद्धा सुमन अर्पित करने आए थे, लेकिन उन्हें स्मारक पर माला चढ़ाए बिना ही गेट से लौटना पड़ा। जितेंद्र तिवारी ने इसे शहीदों का अपमान बताते हुए कहा कि अब पांडेश्वर की जनता को तय करना है कि वे इस तरह की राजनीति को कैसे देखते हैं। उन्होंने संकल्प दोहराया कि देश अपने शहीदों को न कभी भूला है और न कभी भूलेगा। गौरतलब है कि पुलवामा हमला 14 फरवरी 2019 को हुआ था। आज (14 फरवरी, 2026) इस कायराना हमले की 7वीं बरसी है, जिसे पूरा देश 'ब्लैक डे' (काला दिवस) के रूप में याद कर रहा है और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दे रहा है।


Post a Comment

0 Comments