अजय नदी से बरामद द्वितीय विश्व युद्ध का मोर्टार शेल सेना ने किया निष्क्रिय

पूर्व बर्दवान :- पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले में अजय नदी के तट पर मिला एक रहस्यमयी मोर्टार शेल शनिवार को सेना के विशेषज्ञों द्वारा सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया गया। पनागढ़ आर्मी कैम्प से आई 8 सदस्यीय टीम ने नियंत्रित विस्फोट के जरिए इस खतरनाक वस्तु को नष्ट किया। उल्लेखनीय है कि बीते 28 अक्टूबर को ननूर के लाउडोहा गांव के पास नदी के किनारे स्थानीय लोगों ने इस गोलाकार धातु की वस्तु को देखा था। पहले कौतूहल और फिर आतंक का माहौल बनने पर बोलपुर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सेना को सूचित किया था। विशेषज्ञों का अनुमान है कि यह भारी-भरकम मोर्टार शेल द्वितीय विश्व युद्ध के समय का हो सकता है, क्योंकि ब्रिटिश काल में इस क्षेत्र का उपयोग सैन्य अभ्यास के लिए किया जाता था। शनिवार सुबह जवानों ने रेत की बोरियों और गड्ढे की मदद से सुरक्षा घेरा बनाकर इसे डिफ्यूज किया। इस दौरान हुए तेज धमाके से आसपास की धरती कांप उठी, जिसे देख ग्रामीण सहम गए लेकिन खतरा टलने पर सभी ने राहत की सांस ली।

Post a Comment

0 Comments