कटवा रेलवे स्टेशन पर खड़ी पैसेंजर ट्रेन में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे यात्री

पूर्व बर्दवान :- पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले के कटवा स्टेशन पर रविवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा टल गया। यहाँ प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खड़ी '53435 अप अजीमगंज पैसेंजर' के एक डिब्बे में सुबह करीब 4:30 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी बोगी को अपनी चपेट में ले लिया। यह ट्रेन सुबह 6:00 बजे रवाना होने वाली थी, जिससे उस समय कोच में यात्रियों की संख्या कम थी और एक बड़ी त्रासदी होने से बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और दमकल की दो गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, हालांकि प्रभावित कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गया। दमकल विभाग का प्राथमिक अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवराम माजी ने घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। हावड़ा डिवीजन के डीआरएम के नेतृत्व में एक कमेटी कारणों का पता लगाएगी। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

Post a Comment

0 Comments