अवैध संबंधों में बाधक पति की हत्या, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

पूर्व बर्दवान :- पूर्व बर्दवान के देवानदिघी थाना क्षेत्र में अवैध प्रेम संबंधों के चलते एक व्यक्ति की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी राजिया सुल्ताना और उसके प्रेमी मुमताज उद्दीन शेख उर्फ उज्ज्वल को गिरफ्तार कर लिया है। घटनाक्रम के अनुसार, मुमताज उद्दीन ने पहले अपने दोस्त शफीकुल इस्लाम अंसारी के अपहरण का झूठा नाटक रचा और थाने में सूचना दी। हालांकि, पुलिस को मिलिकपार नहर के पास शफीकुल का शव बरामद हुआ। संदेह होने पर जब पुलिस ने मुमताज से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने सारा सच उगल दिया। आरोपी ने स्वीकार किया कि शफीकुल की पत्नी राजिया के साथ उसके लंबे समय से प्रेम संबंध थे। शादीशुदा जिंदगी में शफीकुल को कांटा मानकर दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के मुताबिक, मुमताज शफीकुल को मोटरसाइकिल पर बैठाकर सुनसान नहर के किनारे ले गया, जहाँ उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को पानी में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को बर्दवान जिला अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments