Durgapur में MP Kirti Azad ने युवा साथी कैम्प का किया निरीक्षण, BJP पर हमला

दुर्गापुर :- बर्दवान-दुर्गापुर लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पश्चिम बंगाल दौरे से पहले उन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा नेताओं की तुलना 'बरसाती मेंढकों' से करते हुए कहा कि जैसे बारिश में मेंढक टर्राते हैं, वैसे ही चुनाव आते ही भाजपा के नेता बंगाल आकर शोर मचाने लगते हैं। मंगलवार को दुर्गापुर के इस्पात नगरी स्थित बोकारो हॉस्टल और भगत सिंह क्रीड़ांगन में राज्य सरकार की 'युवा साथी' परियोजना के शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे सांसद ने केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर भड़ास निकाली। उनके साथ महकमा शासक सुमन विश्वास और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद थे।


सांसद कीर्ति आजाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि देश के नागरिकों को 15 लाख रुपये देने और करोड़ों युवाओं को रोजगार देने का वादा महज एक चुनावी जुमला बनकर रह गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय प्रधानमंत्री दाढ़ी बढ़ाकर खुद को रवींद्रनाथ टैगोर समझने लगते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि उनके कार्यकाल में दुर्गापुर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों के सार्वजनिक उपक्रम बंद हो रहे हैं। सांसद ने दावा किया कि केंद्र सरकार स्मार्ट सिटी बनाने में विफल रही है और रोजगार देने के बजाय मौजूदा संस्थानों को ताला लगा रही है।

वहीं दूसरी ओर, सांसद कीर्ति आजाद ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बंगाल सरकार जनहितैषी है और युवाओं के भविष्य को लेकर संवेदनशील है। 'युवा साथी' परियोजना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि इस भत्ते से बेरोजगार युवाओं को अपनी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और दैनिक खर्चों में बड़ी मदद मिलेगी। शिविर में उमड़ी भारी भीड़ को उन्होंने इस योजना की सफलता का प्रमाण बताया। सांसद ने वहां मौजूद युवक-युवतियों से सीधे बात की और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान उनके साथ टीएमसी के स्थानीय नेता उज्जवल मुखर्जी, राजीव घोष और सिपुल साहा भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments