Durgapur में Rapido के खिलाफ बाइक चालकों का फूटा गुस्सा, कामकाज बंद कर प्रदर्शन


दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल में निजी ट्रांसपोर्ट ऐप कंपनियों और बाइक चालकों के बीच विवाद गहराता जा रहा है। ऐप आधारित निजी परिवहन कंपनियों की मनमानी, कम किराए और बुनियादी सुविधाओं के अभाव के खिलाफ विरोध जताते हुए पूरे राज्य के साथ-साथ दुर्गापुर में भी बाइक चालकों ने हड़ताल का रास्ता अख्तियार किया है। मंगलवार से शुरू हुई इस हड़ताल के कारण बुधवार को दुर्गापुर के सिटी सेंटर बस स्टैंड इलाके में स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई, जहाँ बड़ी संख्या में बाइक चालकों ने जमा होकर निजी कंपनियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। आंदोलनकारी चालकों का मुख्य आरोप है कि कंपनियां उनसे भारी कमीशन वसूल रही हैं, जबकि तय किया गया किराया ढांचा बेहद कम है। 

प्रदर्शन में शामिल एक बाइक चालक रक्तिम चटर्जी ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि वे सारा दिन सड़कों पर जोखिम लेकर काम करते हैं, लेकिन अंत में उनके हाथ इतनी कम रकम आती है कि उससे परिवार का भरण-पोषण करना लगभग असंभव हो गया है। निजी कंपनियों के साथ चल रहे इस गतिरोध के बीच अब बाइक सवारों और चालकों के लिए राज्य सरकार द्वारा शुरू किया गया ‘यात्री साथी’ ऐप एक बड़े सहारे के रूप में उभरा है।  फिलहाल निजी ट्रांसपोर्ट ऐप की सेवाएं बाधित होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है, लेकिन बाइक चालकों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, उनका विरोध जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments