Durgapur के गोपालमाठ में भीषण आग, घर के भीतर फंसी महिला झुलसी

दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर के गोपालमाठ अंतर्गत जगुरबांध प्लॉट इलाके में रविवार को एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से इलाके में भारी दहशत फैल गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में घर के भीतर मौजूद एक महिला बुरी तरह झुलस गई है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, रविवार को अचानक घर से धुंआ और आग की लपटें निकलती देख पड़ोसियों में भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत साहस दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया और घर के अंदर फंसी महिला को बाहर निकाला। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उनका उपचार कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक घर के भीतर रखा कीमती सामान और फर्नीचर जलकर खाक हो चुका था।





दमकल विभाग और पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि अग्निकांड के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद से जगुरबांध प्लॉट इलाके के निवासियों में डर का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि रिहायशी इलाकों में सुरक्षा मानकों की जांच की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Post a Comment

0 Comments