रानीगंज :- पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित कोयला तस्करी मामले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो प्रभावशाली व्यवसायियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान चिन्मय मंडल और किरण खां के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी रिश्ते में मामा-भांजे बताए जा रहे हैं। चिन्मय मंडल दुर्गापुर का रहने वाला है, जबकि किरण खां रानीगंज के बख्तार नगर इलाके का निवासी है।
ED सूत्रों के अनुसार, कोयला तस्करी से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में पूछताछ के लिए दोनों को कोलकाता स्थित साल्ट लेक के सीजीओ कॉम्प्लेक्स (ED कार्यालय) में तलब किया गया था। पूछताछ के दौरान अधिकारियों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में जब दोनों ने टालमटोल की और जांच में सहयोग नहीं किया, तो संतोषजनक उत्तर न मिलने पर अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार करने का फैसला लिया।
उल्लेखनीय है कि फरवरी की शुरुआत से ही ED इस मामले में बेहद सक्रिय नजर आ रही है। बीते 3 फरवरी को केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ ED के अधिकारियों ने कोलकाता, दुर्गापुर, रानीगंज और जामुड़िया समेत लगभग 12 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की थी। इसी तलाशी अभियान के दौरान बुदबुद थाने के ओसी मनोरंजन मंडल के दुर्गापुर स्थित आवास पर भी जांच की गई थी और उनसे पूछताछ हुई थी। उसी दिन जामुड़िया के व्यवसायी बंसल के घर पर भी रेड की गई थी।
इस ताजा गिरफ्तारी ने कोयला तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की धड़कनें तेज कर दी हैं। ED अब इस बात की जांच कर रही है कि तस्करी के इस खेल में और किन रसूखदार लोगों का हाथ है। सूत्रों का कहना है कि अवैध कोयला और बालू तस्करी के मामले में कई अन्य संदिग्ध भी ED के रडार पर हैं और आने वाले दिनों में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां संभव हैं। फिलहाल, चिन्मय और किरण से पूछताछ कर तस्करी के पूरे वित्तीय लेन-देन और नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

0 Comments