आसनसोल में घर में एडमिट भूले HS परीक्षार्थी के लिए ‘देवदूत’ बनी पुलिस

आसनसोल :- अक्सर पुलिस की छवि को लेकर आम जनमानस में नकारात्मकता रहती है, लेकिन आसनसोल के धधका इलाके से मानवता और जिम्मेदारी की एक प्रेरक मिसाल सामने आई है। उच्च माध्यमिक परीक्षा के पहले दिन एथोड़ा निवासी सायन चटर्जी जब एन.सी. लहरी स्कूल परीक्षा केंद्र पहुंचे, तो उन्हें अहसास हुआ कि वे अपना मूल एडमिट कार्ड घर भूल आए हैं। परीक्षा शुरू होने में समय कम था और घर वहां से लगभग 5 किलोमीटर दूर, ऐसे में छात्र को अपना पूरा साल बर्बाद होता नजर आने लगा।

हताशा के बीच सायन ने केंद्र पर तैनात पुलिस अधिकारियों से मदद मांगी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छात्र को तुरंत अपनी गाड़ी में बैठाया और एथोड़ा के लिए रवाना हो गए। रास्ते में ही पुलिसकर्मियों ने छात्र की मां को फोन कर मूल एडमिट कार्ड लेकर बाहर खड़े रहने को कहा। समय की पाबंदी को देखते हुए पुलिस सायन को घर ले गई, कार्ड लिया और समय से पहले वापस परीक्षा केंद्र पहुंचा दिया।

सायन और उनके पिता शांतनु चटर्जी ने पुलिस महकमे का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें 'देवदूत' बताया। परिजनों का कहना है कि पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल एक छात्र का भविष्य बचाया, बल्कि खाकी के प्रति समाज के विश्वास को भी मजबूत किया है।

Post a Comment

0 Comments