Kulti में स्थापित होगी बाबा साहेब की प्रतिमा, MLA डॉ. अजय पोद्दार 20 फरवरी को करेंगे शिलान्यास

कुल्टी :- क्षेत्र के सामाजिक और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए आगामी 20 फरवरी को नियामतपुर न्यू रोड स्थित इस्को की भूमि पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का विधिवत शिलान्यास किया जाएगा। कुल्टी विधायक डॉ. अजय पोद्दार के विशेष प्रयासों के बाद सेल-इस्को (SAIL-ISP) ने अपने सीएसआर (CSR) फंड से इस परियोजना को स्वीकृति दी है।

मंगलवार को स्थल चयन के लिए विधायक डॉ. अजय पोद्दार और इस्को सीएसआर विभाग के एजीएम पवन कुमार सिंह की टीम ने ईसीएल टहरम कारखाने के निकट प्रस्तावित स्थान का निरीक्षण किया। विधायक ने अधिकारियों को कार्य शीघ्रता से शुरू करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार, इस कार्य को लगभग एक माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

विधायक डॉ. पोद्दार ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर का सामाजिक न्याय और समानता का संदेश हर वर्ग तक पहुँचना अनिवार्य है। यह प्रतिमा कुल्टी की जनता और विशेषकर वंचित वर्गों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी। निरीक्षण के दौरान भाजपा जिला व मंडल स्तर के कई पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments