कोलकाता :- ईरान के साथ अमेरिका व इज़राइल के बीच बढ़ते तनाव के कारण अस्त-व्यस्त हुए मध्य पूर्व के घटनाक्रमों के बाद अब कोलकाता से दुबई के लिए विमान सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं। सुरक्षा कारणों से कई देशों द्वारा अपना हवाई मार्ग बंद किए जाने के बाद कोलकाता हवाई अड्डे से दुबई की उड़ानें पिछले 113 घंटों से ठप थीं। आखिरकार बुधवार को 'फ्लायदुबई' ने अपनी सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फ्लायदुबई का एक विमान बुधवार तड़के 3:59 बजे कोलकाता से दुबई के लिए रवाना हुआ। हालांकि, तनावपूर्ण स्थिति और अनिश्चितता के कारण यात्रियों की संख्या काफी कम रही; विमान केवल 55 यात्रियों को लेकर उड़ा। वहीं, दुबई से कोलकाता आने वाली उड़ान भी अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंची और रात 2:00 बजे के बाद करीब 130 यात्रियों के साथ कोलकाता में उतरी। गौरतलब है कि 28 फरवरी के बाद से दुबई की सभी उड़ानें रद्द कर दी गई थीं, जिससे अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। अब स्थिति में सुधार के साथ सेवाएं फिर से पटरी पर लौटने लगी हैं।वहीं दूसरी तरफ अभी भी बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक ईरान से अमेरिका-इजराइल युद्ध के बीच यूएई समेत अन्य खाड़ी देशों में फंसे हुए हैं और सुरक्षित वतन वापसी की आस लगाए बैठे हैं।

0 Comments