आसनसोल :- पश्चिम बर्दवान जिले में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी कड़ी में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन अवैध हथियार और चार राउंड जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस की विशेष टीमों ने कुल्टी, जामुड़िया और दुर्गापुर थाना क्षेत्रों में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। इस अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध आग्नेयास्त्र और कारतूस बरामद किए। पकड़े गए व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन हथियारों की तस्करी कहाँ से की जा रही थी और इनका चुनाव के दौरान किसी अप्रिय घटना में इस्तेमाल करने की योजना तो नहीं थी।
गौरतलब है कि आगामी 23 अप्रैल को पश्चिम बर्दवान जिले की 9 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद से ही पुलिस कमिश्नरेट की ओर से तमाम संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा जगह-जगह नाका चेकिंग और सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि असामाजिक तत्वों और अवैध हथियारों के खिलाफ यह अभियान चुनाव संपन्न होने तक निरंतर जारी रहेगा ताकि आम जनता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।



0 Comments