Asansol में झारखंड से आ रही बसों से भारी मात्रा में गांजा और 65 मोबाइल बरामद Society Review Times

आसनसोल (राम बाबू यादव) :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सीमावर्ती इलाकों में बढ़ाई गई चौकसी के बीच आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार को आसनसोल के जुबली मोड़ पर चलाए गए नाका चेकिंग अभियान के दौरान झारखंड से आ रही एक बस से पुलिस ने एक किलो गांजा और 65 मोबाइल फोन बरामद किए। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस के आला अधिकारी खुद मौके पर मौजूद थे।


पुलिस सूत्रों के अनुसार, जुबली मोड़ पर नाका चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही थी। इसी बीच झारखंड की ओर से आ रही एक बस को रोककर जब उसकी जांच की गई, तो वहां से गांजे की खेप और भारी मात्रा में मोबाइल फोन बरामद हुए। इस अभियान का नेतृत्व आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी (सेंट्रल) ध्रुव दास कर रहे थे। उनके साथ आसनसोल उत्तर थाना के प्रभारी सौमेन बनर्जी सहित कई अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी तलाशी अभियान में शामिल रहे।


डीसीपी (सेंट्रल) ध्रुव दास ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार को हुई इस बरामदगी से पहले बुधवार रात भी इसी स्थान पर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की थी। बुधवार रात जुबली मोड़ पर ही एक बस से 10 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव के माहौल और सुरक्षा के मद्देनजर विशेष रूप से बिहार और झारखंड से आने वाली बसों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बरामद किए गए मोबाइल और गांजे के तार कहां से जुड़े हैं और इनका गंतव्य क्या था।

Post a Comment

0 Comments