Asansol के काली पहाड़ी डंपिंग ग्राउंड में लगी भीषण आग


आसनसोल :- मंगलवार को आसनसोल के काली पहाड़ी इलाके में स्थित नगर निगम के डंपिंग ग्राउंड में भीषण आग लग गई। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित इस कचरा संग्रहण केंद्र से सुबह धुएं का भारी गुबार निकलते देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि आग सोमवार रात को ही लग गई थी। स्थानीय निवासियों ने आशंका जताई है कि यदि धुंआ राजमार्ग तक फैला, तो दृश्यता कम होने के कारण कोई बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।

इस घटना को लेकर राजनीति भी गरमा गई है। आसनसोल उत्तर से भाजपा प्रत्याशी और वरिष्ठ नेता कृष्णेंदु मुखर्जी ने प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है और आसनसोल नगर निगम चलाने वालों को प्रबंधन का ज्ञान ही नहीं है। मुखर्जी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेताओं का पूरा ध्यान केवल भ्रष्टाचार और पैसा कमाने पर है, जिसके कारण आम जनता को इस तरह की परेशानियों और स्वास्थ्य जोखिमों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल, आग पर काबू पाने और धुएं को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments