BCCL क्वार्टर खाली करने के नोटिस पर भड़के Kulti के BJP प्रत्याशी डॉ अजय पोद्दार ने फाड़ा नोटिस

कुल्टी :- बीसीसीएल सीवी एरिया-12 के मनबड़िया स्थित शिव मंदिर नीचू धौड़ा क्षेत्र में क्वार्टर खाली करने के प्रबंधन के फरमान ने राजनीतिक और सामाजिक माहौल गरमा दिया है। बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा निवासियों को सात दिनों के भीतर क्वार्टर खाली करने का नोटिस थमाए जाने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी व मौजूदा विधायक डॉ. अजय पोद्दार तुरंत मौके पर पहुंचे और विरोध स्वरूप क्वार्टरों पर चस्पा किए गए सभी नोटिसों को अपने हाथों से उखाड़कर फाड़ दिया। विधायक के इस कड़े रुख के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

प्रबंधन की इस कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विधायक डॉ. अजय पोद्दार ने कहा कि बिना किसी ठोस वैकल्पिक व्यवस्था या उचित संवाद के इस तरह का नोटिस देना जनविरोधी कदम है। उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक इस संवेदनशील मुद्दे पर विस्तार से बातचीत नहीं होती, तब तक प्रबंधन किसी भी प्रकार की दमनकारी कार्रवाई करने की कोशिश न करे। विधायक ने निवासियों को भरोसा दिलाया कि वह इस लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़े हैं और किसी को भी बेघर नहीं होने दिया जाएगा।



मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने बीसीसीएल के महाप्रबंधक (जीएम) को लिखित रूप से सूचित कर तत्काल प्रभाव से इन नोटिसों को वापस लेने की मांग की है। दूसरी ओर, स्थानीय लोगों ने भी प्रबंधन के इस अचानक लिए गए फैसले के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है। फिलहाल क्षेत्र में भारी गहमागहमी का माहौल है और लोग प्रबंधन के अगले कदम का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि शांति व्यवस्था भंग न हो।

Post a Comment

0 Comments