पांडेश्वर में BJP प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी ने ECL का नोटिस फाड़ा, TMC ने बताया 'नाटक'


पांडेश्वर :- विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के खुट्टाडीह कोलियरी इलाके में ईसीएल (ECL) प्रबंधन द्वारा क्वार्टर खाली करने के नोटिस को लेकर जबरदस्त राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। विधानसभा चुनाव के ऐन वक्त पर आए इस नोटिस ने क्षेत्र के श्रमिकों और निवासियों के बीच हड़कंप मचा दिया है, जिसके बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच तीखी जुबानी जंग छिड़ गई है।

इस पूरे विवाद की शुरुआत बुधवार को उस समय हुई, जब पांडेश्वर से भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी खुट्टाडीह कोलियरी इलाके में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे। स्थानीय निवासियों ने उन्हें ईसीएल प्रबंधन द्वारा दिए गए बेदखली के नोटिस की जानकारी दी। जनता की शिकायत सुनते ही जितेंद्र तिवारी का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मौके पर ही ईसीएल के नोटिस को फाड़ दिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से आह्वान किया कि वे किसी भी कीमत पर अपना क्वार्टर खाली न करें। इतना ही नहीं, भाजपा प्रत्याशी ने फोन पर कोलियरी एजेंट को कड़ी फटकार लगाते हुए इस कार्रवाई को चुनाव के समय एक सोची-समझी साजिश करार दिया।

दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने इस घटनाक्रम को लेकर भाजपा और ईसीएल प्रबंधन पर पलटवार किया है। उन्होंने इसे भाजपा का प्रायोजित 'नाटक' बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार के अधीन काम करने वाले ईसीएल प्रबंधन ने भाजपा के इशारे पर ही जानबूझकर चुनाव के समय यह नोटिस जारी किया है। नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती का आरोप है कि भाजपा नेता पहले खुद नोटिस दिलवाते हैं और फिर वहां जाकर विरोध का नाटक कर जनता की सहानुभूति बटोरने की कोशिश कर रहे हैं। चुनाव से ठीक पहले उपजे इस विवाद ने पांडेश्वर की चुनावी लड़ाई को और भी दिलचस्प बना दिया है, जहाँ अब दोनों दल खुद को श्रमिकों का सबसे बड़ा हितैषी साबित करने में जुटे हैं।

Post a Comment

0 Comments