BJP की 'परिवर्तन रैली' के जवाब में TMC की विशाल 'प्रत्यावर्तन बाइक रैली'


आसनसोल :- पश्चिम बंगाल की राजनीतिक सरगर्मी के बीच गुरुवार को आसनसोल की सड़कों पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने शक्ति प्रदर्शन किया। बीजेपी द्वारा हाल ही में निकाली गई 'परिवर्तन संकल्प रैली' के जवाब में टीएमसी की ओर से 'प्रत्यावर्तन बाइक रैली' का आयोजन किया गया। यह रैली आसनसोल के चित्रा मोड़ से शुरू होकर ट्रैफिक मोड़ तक निकाली गई, जिसमें लगभग ढाई हजार से अधिक बाइक सवारों ने हिस्सा लिया। हाथों में पार्टी का झंडा लिए कार्यकर्ताओं के उत्साह से पूरा इलाका तृणमूल के रंग में रंगा नजर आया। इसमें आसनसोल नगर निगम के डिप्टी मेयर अभिजीत घटक, तृणमूल युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पार्थ देवासी भी शामिल हुए। 



आसनसोल नॉर्थ ब्लॉक-1 के अध्यक्ष गुरुदास चटर्जी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। चटर्जी ने दावा किया कि कुछ दिनों पहले हुई भाजपा की रैली में भीड़ का अभाव था, जबकि आज की यह विशाल रैली साबित करती है कि बंगाल की जनता मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसमर्थन के इसी लहर के साथ ममता बनर्जी चौथी बार पश्चिम बंगाल की सत्ता संभालेंगी। इस महा बाइक रैली के कारण काफी देर तक आसनसोल की मुख्य सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं हुआ।

Post a Comment

0 Comments