पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार जितेंद्र तिवारी ने माँ घाघर बुड़ी मंदिर में पूजा कर लिया आशीर्वाद


आसनसोल/पांडेश्वर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा द्वारा उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के अगले ही दिन पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। पांडेश्वर विधानसभा सीट से एक बार फिर भाजपा उम्मीदवार घोषित किए गए जितेंद्र तिवारी मंगलवार को आसनसोल के प्रसिद्ध मां घाघर बूड़ी मंदिर पहुंचे। उन्होंने वहां विधिवत पूजा-अर्चना की और मां के चरणों में प्रणाम कर जीत का आशीर्वाद प्राप्त किया। 

भाजपा उम्मीदवार जितेंद्र तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि वे मां घाघर बुड़ी के आशीर्वाद के साथ जनता की सेवा के संकल्प को लेकर चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने सोमवार को ही उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जिसमें जितेंद्र तिवारी पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें पांडेश्वर से उम्मीदवार बनाया गया है। टिकट मिलने के तुरंत बाद मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करने को उनके चुनाव प्रचार के औपचारिक आगाज के रूप में देखा जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments