दुर्गापुर :- विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार के रूप में नाम घोषित होने के साथ ही चंद्रशेखर बनर्जी ने दुर्गापुर पूर्व निर्वाचन क्षेत्र में अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। मंगलवार की सुबह प्रचार अभियान के दौरान एक विशेष नजारा देखने को मिला, जब भाजपा प्रत्याशी राजनीतिक मतभेदों को किनारे रखकर पूर्व मेयर दिलीप अगस्ती के आवास पर पहुंचे। वहां चंद्रशेखर बनर्जी ने शिष्टाचार की मिसाल पेश करते हुए पूर्व मेयर के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच काफी देर तक सौहार्दपूर्ण बातचीत हुई, जिसे स्थानीय राजनीति में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
पूर्व मेयर से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए चंद्रशेखर बनर्जी ने कहा कि वे यहां एक राजनेता या प्रतिद्वंद्वी के रूप में नहीं, बल्कि एक पुराने सहयोगी के नाते आए हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व पार्षद के रूप में उन्होंने लंबे समय तक दिलीप अगस्ती के साथ काम किया है, इसलिए चुनावी रण में उतरने से पहले उनका स्नेह और मार्गदर्शन प्राप्त करना उनके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इसी क्रम में वे जल्द ही पूर्व मेयर रथिन बाबू के घर जाकर भी उनका आशीर्वाद लेंगे।
इससे पहले, चंद्रशेखर बनर्जी ने अपने दिन की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठानों और जनसंपर्क के साथ की। उन्होंने दुर्गापुर पूर्व के 28 नंबर वार्ड से अपने अभियान का आगाज किया और सबसे पहले सगढ़भांगा भैरव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर दीवार लेखन किया और घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क साधा। मुचिपड़ा राम मंदिर में दर्शन करने के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की। चुनावी गहमागहमी के बीच भाजपा प्रत्याशी का यह 'राजनीतिक सौजन्य' वर्तमान में चर्चा का विषय बना हुआ है।



0 Comments