दुर्गापुर :- दुर्गापुर के ममता बाजार, विद्यासागर पल्ली निवासी भारतीय सेना के जवान अजय जायसवाल की शहादत से पूरे क्षेत्र में मातम छाया हुआ है। जानकारी के अनुसार, जम्मू में सेना के युद्धाभ्यास के दौरान तोप का गोला फटने से हुई एक दुर्घटना में अजय जायसवाल वीरगति को प्राप्त हुए। शहीद जवान अविवाहित थे और उनके अकाल निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शहीद जवान का तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर विशेष विमान द्वारा दुर्गापुर के अंडाल एयरपोर्ट पहुँचा, जहाँ से उसे पानागढ़ वायुसेना बेस ले जाया गया। शुक्रवार को जब शहीद का शव उनके पैतृक निवास विद्यासागर पल्ली पहुँचा, तो हजारों नम आँखों ने उन्हें विदाई दी। उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा और उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सेना के तरफ से पूरे सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर और गन सैल्यूट दिया गया। आम लोगों ने देशभक्ति नारे लगाए। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मौके पर दुर्गापुर के एसडीएम सुमन विश्वास, प्रशासक बोर्ड की चेयरपर्सन अनिंदिता मुखर्जी, उत्तम मुखर्जी और उज्ज्वल मुखर्जी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





0 Comments