रानीगंज के रॉबिन सेन स्टेडियम में शुरू होगा 'श्याम मेटालिक्स फुटबॉल स्कूल', पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दीपक मंडल देंगे कोचिंग

रानीगंज :- औद्योगिक क्षेत्र के युवाओं में फुटबॉल के प्रति उत्साह जगाने और जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को तराशने के लिए श्याम मेटालिक्स ने एक बड़ी पहल की है। श्याम मेटालिक्स के एसोसिएट प्रेसिडेंट और प्लांट हेड एस.के. माइती ने रानीगंज में 'श्याम मेटालिक्स फुटबॉल स्कूल' शुरू करने की आधिकारिक घोषणा की है। यह एक नॉन-रेजिडेंशियल ग्रासरूट कोचिंग प्रोग्राम होगा, जिसे विशेष रूप से 6 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए डिजाइन किया गया है। रानीगंज के प्रसिद्ध रॉबिन सेन स्टेडियम के सहयोग से संचालित होने वाले इस स्कूल की कमान अर्जुन पुरस्कार विजेता और पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर दीपक कुमार मंडल के हाथों में होगी, जो मुख्य कोच के रूप में उभरते खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे।

श्याम मेटालिक्स के एसोसिएट प्रेसिडेंट और प्लांट हेड एस.के. माइती ने बताया कि कंपनी अपनी सीएसआर गतिविधियों के तहत पहले से ही एक रेजिडेंशियल फुटबॉल अकादमी चला रही है, लेकिन अब रानीगंज व इसके आसपास के इलाकों के बच्चों के लिए इस नॉन-रेजिडेंशियल स्कूल की शुरुआत करना क्षेत्र के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य इस क्षेत्र में फुटबॉल के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना और कम उम्र में ही बच्चों को पेशेवर प्रशिक्षण के लिए एक व्यवस्थित मंच प्रदान करना है। उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि अप्रैल महीने से रॉबिन सेन स्टेडियम में नियमित प्रशिक्षण सत्र शुरू हो जाएंगे, जिससे भविष्य में देश को नए और कुशल फुटबॉलर मिल सकेंगे।


श्याम मेटालिक्स अपनी इस दीर्घकालिक योजना के माध्यम से प्रतिस्पर्धी फुटबॉल में अपनी उपस्थिति दर्ज कराना चाहता है और खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी को तैयार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। फिलहाल, कोचिंग के लिए पंजीकरण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी। इस घोषणा के बाद से ही रानीगंज के खेल प्रेमियों और अभिभावकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि अब यहां बच्चों को एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी की देखरेख में अपने कौशल को निखारने का अवसर प्राप्त होगा।

Post a Comment

0 Comments