रानीगंज में श्री रामनवमी पर शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब


रानीगंज :- रानीगंज शहर शुक्रवार को एक भव्य और ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना जब विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में श्री रामनवमी के पावन अवसर पर विशाल शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े और ऐसा दृश्य उत्पन्न हुआ मानो पूरा शहर ही भगवा रंग में रंग गया हो। शहर के विभिन्न स्थानों से शोभायात्राएं अलग-अलग मार्गों से गुजरती हुई सराफ भवन पहुंची। यहां से मुख्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ, जो बड़ाबाजार, मारवाड़ी पट्टी, तिलक रोड, बर्न्स प्लॉट, स्टेशन रोड, एनएसबी रोड, शिशु बगान, दाल पट्टी मोड़ और रानीगंज थाना होते हुए पुनः सराफ भवन पर समाप्त हुई। विधानसभा चुनाव को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस, रैफ और कॉम्बैट फोर्स के साथ-साथ केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवानों ने मोर्चा संभाला। शहर में पांच अलग-अलग जगह पर बैरिकेट्स लगाए गए थे। तारबंगला, एतवारी मोड़, चीनकोठी, हटिया और कसाई मोहल्ला में बेरिकेड्स लगाकर पुलिस व केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवानों का कड़ा पहरा लगाया गया था। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल ध्रुव दास खुद सुरक्षा की कमान संभाल रहे थे। 

वहीं दूसरी तरफ विधानसभा चुनाव के माहौल को देखते हुए भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी भी शोभायात्रा में पहुंचे। भाजपा प्रत्याशी पार्थ घोष भी शोभायात्रा में शामिल हुए जबकि तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी कालो बरण मंडल ने भी शोभायात्रा में भागीदारी की। विश्व हिंदू परिषद के मध्य बंग प्रांत के उपाध्यक्ष ने शोभायात्रा में उमड़े इतने विशाल जनसमूह को लेकर रानीगंज वासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा सनातनी समाज सड़क पर उतर आया है और इस ऐतिहासिक क्षण को शब्दों में बयां कर पाना मुश्किल है। 

शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। सिर पर भगवा पट्टी, हाथों में भगवा ध्वज और होठों पर जय श्रीराम के उद्घोष के साथ भक्त पूरे जोश में दिखाई दिए। डीजे की भक्ति संगीत पर थिरकते भक्त जन, भक्ति रस में डूबी हुई भीड़ और अलौकिक माहौल ने पूरे शहर को धार्मिक ऊर्जा से भर दिया। शोभायात्रा की विशेष आकर्षण रही भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान जी समेत अन्य देवी-देवताओं की भव्य झांकियां। हर झांकी को अत्यंत सजावट और धार्मिक सौंदर्य के साथ प्रस्तुत किया गया था। रंग-बिरंगी लाइट्स, पारंपरिक परिधानों में सजे कलाकार और जीवंत प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

पूरे रानीगंज शहर को भगवा ध्वजों से सजाया गया था। प्रमुख सड़कों, चौराहों और प्रतिष्ठानों पर 'रामराज्य' लिखे झंडे लहराते नजर आए। हर गली और मोहल्ला भक्ति भाव से ओतप्रोत था।

Post a Comment

0 Comments