कोलकाता/पांडेश्वर :- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विमान को गुरुवार शाम कोलकाता के दमदम हवाई अड्डे पर उतरते समय खराब मौसम के कारण भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते मुख्यमंत्री का विशेष विमान लगभग 1 घंटा 20 मिनट तक आसमान में ही चक्कर काटता रहा। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों की सांसें अटकी रहीं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गुरुवार दोपहर पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के लाऊदोहा मैदान में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंची थीं। सभा समाप्त होने के बाद वे अंडाल एयरपोर्ट से 3.39 बजे अपने विशेष विमान से कोलकाता के लिए रवाना हुईं।
जैसे ही उनका विमान कोलकाता के हवाई क्षेत्र में पहुंचा, अचानक मौसम बिगड़ गया। आसमान में छाए घने काले बादलों, बिजली की कड़क और भीषण तूफान के कारण पायलट को लैंडिंग में भारी असुविधा होने लगी। सुरक्षा कारणों से कोई भी जोखिम न लेते हुए विमान को आसमान में ही होल्ड पर रखा गया। सूत्रों के अनुसार, करीब 80 मिनट तक विमान हवा में ही मंडराता रहा, जिससे सुरक्षा तंत्र में गहरी चिंता फैल गई थी। आखिरकार मौसम में मामूली सुधार और एटीसी (ATC) के साथ निरंतर समन्वय के बाद पायलट ने विमान को 5.20 बजे सुरक्षित रनवे पर उतारा। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद ही मुख्यमंत्री के सुरक्षा दल और हवाई अड्डा अधिकारियों ने राहत की सांस ली। फिलहाल मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।



0 Comments