Durgapur में BJP की परिवर्तन यात्रा के दौरान PM के पोस्टर फाड़ने पर कार्यकर्ताओं ने किया सड़क जाम

दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की 'परिवर्तन यात्रा' के दौरान दुर्गापुर के इंडो-अमेरिकन मोड़ पर उस समय तनाव फैल गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर फटे हुए पाए गए। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बुधवार की देर रात तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कथित उपद्रवियों ने प्रधानमंत्री के पोस्टरों को फाड़कर फेंक दिया। इस घटना के बाद इलाके में भारी उत्तेजना फैल गई और भाजपा समर्थक विरोध स्वरूप सड़कों पर उतर आए।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद पुलिस ने अब तक दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। पुलिस की इसी निष्क्रियता के विरोध में कार्यकर्ताओं ने इंडो-अमेरिकन मोड़ पर सड़क जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की। इस अवरोध के कारण काफी समय तक यातायात बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।



मौके पर मौजूद भाजपा नेता चंद्रशेखर बनर्जी ने कड़े शब्दों में कहा कि यह लोकतंत्र पर हमला है और इस घटना में शामिल लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पार्टी आने वाले समय में और भी बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगी। दूसरी ओर, पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। स्थिति को नियंत्रण में रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Post a Comment

0 Comments