दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने चुनावी अभियान के तहत शुक्रवार शाम विमान से अंडाल पहुंचीं। गुरुवार को पाण्डवेश्वर के लाउदोहा में जनसभा करने के बाद, मुख्यमंत्री शनिवार यानी 28 मार्च को रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के खांदरा (अंडाल) में एक बड़ी चुनावी सभा को संबोधित करेंगी। शुक्रवार रात वे दुर्गापुर में ही विश्राम करेंगी।
अंडाल रवाना होने से पहले कोलकाता हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आशंका जताई कि चुनाव के बहाने जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के तबादले कर राज्य में उत्पादित रसोई गैस (LPG) को बाहर भेजा जा सकता है। ममता बनर्जी ने कड़े लहजे में कहा, "हल्दिया में बनने वाली गैस बाहर नहीं जानी चाहिए। चुनाव के दौरान बाहर से करीब 10 लाख सरकारी कर्मचारी और जवान आएंगे। उनके भोजन के प्रबंध के चक्कर में बंगाल की जनता को गैस किल्लत का सामना न करना पड़े।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ने राशन के माध्यम से केरोसिन का कोटा बढ़ाया है, लेकिन अधिकांश लोग अब गैस पर निर्भर हैं, इसलिए इसकी आपूर्ति में कोई बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

0 Comments