दुर्गापुर :- दुर्गापुर के डीवीसी मोड़ के समीप एक भीषण सड़क हादसे में एक कार चालक की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, मुचिपड़ा से आसनसोल की ओर जा रही एक तेज रफ्तार चार पहिया गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और गंभीर रूप से घायल चालक को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक के सिर और चेहरे से भारी रक्तस्राव हो रहा था। उसे आनन-फानन में दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मुचिपड़ा ट्रैफिक गार्ड की पुलिस मौके पर पहुँची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाया। फिलहाल मृतक चालक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जाँच कर रही है कि दुर्घटना तेज रफ्तार के कारण हुई या चालक को झपकी आने की वजह से।




0 Comments