दुर्गापुर :- गर्मी की दस्तक के साथ ही औद्योगिक शहर दुर्गापुर में डेंगू का प्रकोप एक बार फिर पैर पसारने लगा है। इस्पात नगरी के सेकेंडरी इलाके में डेंगू के संदिग्ध लक्षणों के चलते एक 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान मनोज कुमार दास के रूप में हुई है, जिनकी इलाज के दौरान 15 मार्च को मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार दास होली के समय से ही तेज बुखार से पीड़ित थे। शुरुआत में इसे सामान्य बुखार समझा गया, लेकिन धीरे-धीरे उनकी स्थिति बिगड़ती चली गई। जब बुखार के साथ उनके मुंह और नाक से रक्तस्राव शुरू हुआ, तो परिजनों ने उन्हें 13 मार्च को दुर्गापुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया। दो दिनों तक चले इलाज के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। बताया जा रहा है कि मृतक पानागढ़ के एक निजी क्लिनिक में कार्यरत थे।
इस दुखद घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आतंक देखा जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्गापुर नगर निगम की चेयरपर्सन अनिंदिता मुखर्जी ने मृतक के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम ने भी इलाके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। निगम प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में युद्धस्तर पर मच्छर नाशक दवाओं का छिड़काव और फॉगिंग अभियान शुरू कर दिया है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।




0 Comments