Election Commission ने 12 जिलों के SP और कोलकाता के DC Central को बदला

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने राज्य पुलिस प्रशासन में एक बार फिर बड़ी फेरबदल की है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) और कोलकाता पुलिस कमिश्नर को हटाए जाने के मात्र 24 घंटे के भीतर ही आयोग ने अब 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) और कोलकाता पुलिस के डीसी (सेंट्रल) का तबादला कर दिया है। इस नए आदेश के तहत कोलकाता के डीसी (सेंट्रल) पद से इंदिरा मुखर्जी को हटाकर उनकी जगह इलवाड़ श्रीकांत जगन्नाथराव को जिम्मेदारी सौंपी गई है। निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से किए गए इस फेरबदल ने प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। जिलों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आयोग ने वीरभूम, डायमंड हार्बर, पूर्व मेदिनीपुर, कूचबिहार और मालदा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नए अधिकारियों की तैनाती की है। वीरभूम जिले की कमान अब 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी सूर्य प्रताप यादव संभालेंगे, जबकि कूचबिहार के नए एसपी जसप्रीत सिंह होंगे। 


इसी तरह, डायमंड हार्बर पुलिस जिले में बिपुल सरकार की जगह इशानी पाल को नियुक्त किया गया है। मुर्शिदाबाद में धृतिमान सरकार को हटाकर 2013 बैच के सचिन को नया एसपी बनाया गया है, जबकि बसिरहाट की जिम्मेदारी अब अलकनंदा भोवाल को सौंपी गई है। इन तबादलों की सूची में मालदा और पूर्व मेदिनीपुर भी शामिल हैं, जहाँ क्रमशः अनुपम सिंह और अंशुमान साहा को कमान दी गई है। उल्लेखनीय है कि पूर्व मेदिनीपुर के पूर्व एसपी पारिजात विश्वास को कुछ दिन पहले ही नियुक्त किया गया था, जिन्हें अब हटा दिया गया है। इनके अलावा, पश्चिम मेदिनीपुर में पापिया सुल्ताना, जंगीपुर में सुरिंदर सिंह और बारासात में पुष्पा को नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। निर्वाचन आयोग के इन कड़े फैसलों से यह स्पष्ट है कि वह चुनावी प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं करना चाहता।

Post a Comment

0 Comments