Jamuria में TMC प्रत्याशी हरेराम सिंह के दीवार लेखन पर गोबर पोतने का आरोप, TMC और BJP में आरोप-प्रत्यारोप

जामुड़िया :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच जामुड़िया के कोयलांचल क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। तफसी ग्राम पंचायत के कुनुस्तोड़िया स्थित मस्जिद पाड़ा इलाके में तृणमूल कांग्रेस के चुनावी दीवार लेखन पर अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा गोबर पोतने की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और तृणमूल कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही तृणमूल कांग्रेस ने वर्तमान विधायक हरेराम सिंह को पुनः अपना प्रत्याशी घोषित किया है, जिसके बाद समर्थकों ने दीवार लेखन के जरिए प्रचार अभियान तेज कर दिया था।


दीवारों पर लिखे चुनावी नारों को निशाना बनाए जाने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में तृणमूल कार्यकर्ता और समर्थक मौके पर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। तृणमूल कांग्रेस ने इसे एक सुनियोजित राजनीतिक साजिश करार देते हुए विपक्ष पर निशाना साधा है। खुद विधायक और प्रत्याशी हरेराम सिंह ने भी इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए इसे ओछी राजनीति का हिस्सा बताया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की टुकड़ी ने तुरंत मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।



वहीं दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। जनसंपर्क अभियान के दौरान भाजपा प्रत्याशी डॉ. बिजन मुखर्जी ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस तरह की हरकतों में विश्वास नहीं रखते और न ही पार्टी ऐसे कार्यों को बढ़ावा देती है। उन्होंने पलटवार करते हुए दावा किया कि यह तृणमूल कांग्रेस की आपसी गुटबाजी का परिणाम हो सकता है, जिससे भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है ताकि इलाके में शांति व्यवस्था बनी रहे और दोषियों की पहचान की जा सके।

Post a Comment

0 Comments