नंदीग्राम के बाद भवानीपुर से भी Mamta Banerjee के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे Suvendu Adhikari

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान के मात्र 24 घंटे के भीतर भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सियासी हलचल तेज कर दी है। पार्टी ने 144 सीटों के लिए नामों की घोषणा की है, जिसमें सबसे चौंकाने वाला फैसला नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को लेकर लिया गया है। शुभेंदु अपनी पारंपरिक सीट नंदीग्राम के साथ-साथ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर से भी चुनाव लड़ेंगे। 2021 के बाद एक बार फिर 2026 के विधानसभा चुनाव में इन दो धुरंधरों के बीच सीधी टक्कर देखने को मिलेगी। इसके अलावा, भाजपा ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष को उनके पुराने गढ़ खड़गपुर सदर से दोबारा मैदान में उतारकर पुराने कार्यकर्ताओं को बड़ा संदेश दिया है। अन्य महत्वपूर्ण उम्मीदवारों में आसनसोल दक्षिण से अग्निमित्रा पाल, सिलीगुड़ी से शंकर घोष, शिवपुर से रुद्रनील घोष और बरानगर से सजल घोष शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ब्रिगेड रैली में दिए गए 'बदलाव के आह्वान' के बाद, भाजपा ने रणनीतिक रूप से जिताऊ चेहरों और वरिष्ठ नेताओं पर भरोसा जताया है। अधिकांश सीटों पर मौजूदा विधायकों को ही मौका दिया गया है, ताकि जमीनी पकड़ मजबूत बनी रहे।

Post a Comment

0 Comments